खबर शेयर करें -

देहरादून : देहरादून में सड़क सुरक्षा जागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से आयोजित 5 किलोमीटर की दौड़ का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कैंट रोड से हरी झंडी दिखाकर किया। इस आयोजन में विभिन्न आयु वर्गों के प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और शहरवासियों को सड़क सुरक्षा नियमों के पालन तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने उपस्थित प्रतिभागियों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और पर्यावरण की रक्षा के लिए संकल्प भी दिलाया। उन्होंने कहा कि बढ़ते यातायात और प्रदूषण के दौर में प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह न केवल ट्रैफिक नियमों का पालन करे, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी सक्रिय भूमिका निभाए। उन्होंने कहा कि हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन और नशे में वाहन न चलाना जैसे छोटे-छोटे कदम बड़ी दुर्घटनाओं को रोक सकते हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार सड़क सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण के लिए लगातार अभियान चला रही है। स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं ताकि अधिक से अधिक लोग इन अभियानों से जुड़ सकें। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे स्वयं जागरूक बनें और समाज को भी जागरूक करें।

इस अवसर पर विधायक खजान दास, सविता कपूर सहित परिवहन विभाग के अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। आयोजन में प्रतिभागियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। दौड़ के माध्यम से एक ओर जहां फिटनेस और स्वास्थ्य का संदेश दिया गया, वहीं दूसरी ओर सड़क सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों को भी प्रमुखता से उठाया गया।

कार्यक्रम का समापन सकारात्मक ऊर्जा और सामाजिक जिम्मेदारी के संदेश के साथ हुआ, जिसमें सभी ने सुरक्षित यातायात और स्वच्छ पर्यावरण के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प दोहराया।

Ad