राजश्री चिल्ड्रन एकेडमी में बोर्ड परीक्षार्थियों को दी भावभीनी विदाई
ऋषिकेश : राजश्री चिल्ड्रन एकेडमी के “वीर सावरकर सभागार” में हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा-2026 के परीक्षार्थियों के लिए भावभीना विदाई एवं शुभकामना समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का वातावरण उत्साह, प्रेरणा और भावनाओं से ओतप्रोत रहा। विद्यालय परिवार ने मंगल तिलक लगाकर और मिष्ठान खिलाकर छात्र-छात्राओं को आगामी बोर्ड परीक्षा के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक राजेंद्र प्रसाद पांडे, प्रधानाचार्य योगेश्वर प्रसाद सेमवाल, कार्यक्रम अध्यक्ष हेमंत गुप्ता (पर्यावरण संरक्षण), मुख्य अतिथि उमाकांत पंत (प्रधानाचार्य, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, आवास विकास, ऋषिकेश), विशिष्ट अतिथि रजनी रावत (प्रधानाचार्य, सरस्वती विद्या मंदिर बालिका इंटर कॉलेज, 14 बीघा ऋषिकेश), नागेंद्र पोखरियाल (उप-प्रधानाचार्य), लक्ष्मी जोशी (शिक्षिका), मोहन सिंह नेगी (उप-प्रधानाचार्य), प्रियंका नेगी (कक्षा अध्यापिका) सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के दौरान कक्षा 9 के छात्र-छात्राओं ने हाईस्कूल परीक्षार्थियों के लिए शुभकामना संदेश प्रस्तुत किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सांस्कृतिक प्रस्तुति में विद्यार्थियों ने भारतीय एवं उत्तराखंड की लोक संस्कृति पर आधारित रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। लोकगीत, नृत्य और समूह प्रस्तुतियों ने सभागार में तालियों की गूंज भर दी। इस अवसर पर बोर्ड परीक्षार्थियों के विषय विशेषज्ञ अध्यापकों ने परीक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए। उन्होंने विद्यार्थियों को समय प्रबंधन, प्रश्नपत्र को ध्यानपूर्वक पढ़ने, उत्तर लिखते समय स्पष्टता और सटीकता बनाए रखने तथा आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने की सलाह दी।
मुख्य अतिथि उमाकांत पंत ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थियों को मेरिट में आने की चिंता छोड़कर पूरे वर्षभर के अध्ययन पर विश्वास रखना चाहिए और परीक्षा में अपना शत-प्रतिशत प्रदर्शन देना चाहिए। उन्होंने कहा कि सफलता का मूल मंत्र नियमित अभ्यास, सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास है। विशिष्ट अतिथि रजनी रावत ने भी छात्र-छात्राओं को अनुशासन और परिश्रम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय के निदेशक राजेंद्र प्रसाद पांडे एवं प्रधानाचार्य योगेश्वर प्रसाद सेमवाल ने सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यालय परिवार को अपने विद्यार्थियों पर पूर्ण विश्वास है और वे निश्चित रूप से उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त करेंगे।कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी बोर्ड परीक्षार्थियों को संयुक्त रूप से विदाई दी गई। भावनात्मक माहौल में विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों का आशीर्वाद लिया। पूरे समारोह में उत्साह और प्रेरणा का अद्भुत संगम देखने को मिला।
