छिद्दरवाला में फिर बढ़ा गुलदार का आतंक
ऋषिकेश : ऋषिकेश के ग्राम पंचायत छिद्दरवाला क्षेत्र में एक बार फिर गुलदार का आतंक बढ़ता नजर आ रहा है। बीते कुछ दिनों से गुलदार की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं और वह घनी आबादी वाले इलाकों में खुलेआम घूमता दिखाई दे रहा है। ताजा घटना ने ग्रामीणों की चिंता और भय को और गहरा कर दिया है।
देर शाम गुलदार ने क्षेत्र पंचायत सदस्य रवि राणा के घर के आंगन में घुसकर पालतू कुत्ते को उठा लिया। यह पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि गुलदार बेहद बेखौफ अंदाज में आंगन में प्रवेश करता है और कुत्ते को अपने जबड़ों में दबोचकर ले जाता है। घटना के समय आसपास लोग मौजूद थे, लेकिन अचानक हुई इस घटना से कोई कुछ समझ ही नहीं पाया।
घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि जब गुलदार आबादी के बीच इस तरह से घूम रहा है और घरों में घुसकर शिकार कर रहा है, तो किसी बड़े हादसे से इंकार नहीं किया जा सकता। खासकर बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर लोगों में भारी चिंता है। शाम ढलते ही लोग घरों में कैद होने को मजबूर हो रहे हैं।ग्राम प्रधान गोकुल रमोला ने इस घटना पर गहरी चिंता जताते हुए वन विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में गुलदार की बढ़ती सक्रियता को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। आमजन की सुरक्षा सर्वोपरि है और वन विभाग को जल्द से जल्द गुलदार को पकड़ने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। उन्होंने पिंजरा लगाने और लगातार निगरानी की व्यवस्था करने की भी मांग की है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, रात्रि में निगरानी तेज करने और आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की अपील की है। उनका कहना है कि पहले भी क्षेत्र में गुलदार की मौजूदगी देखी गई थी, लेकिन इस तरह घर के आंगन से पालतू जानवर को उठा ले जाना बेहद चिंताजनक है।
वन विभाग की ओर से फिलहाल क्षेत्र में टीम भेजे जाने और हालात पर नजर रखने की बात कही जा रही है। हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा, जमीन पर सख्त कार्रवाई की जरूरत है। गुलदार की बढ़ती गतिविधियों से छिद्दरवाला क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। लोग उम्मीद कर रहे हैं कि प्रशासन जल्द प्रभावी कदम उठाकर उन्हें इस खौफ से राहत दिलाएगा।
