विधायक सरिता आर्या ने पीड़िता से की मुलाकात, न्याय का दिलाया भरोसा

खबर शेयर करें -

नैनीताल : क्षेत्र में सामने आए जबरन धर्म परिवर्तन और उत्पीड़न के कथित मामले ने पूरे इलाके में चिंता और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। स्थानीय विधायक सरिता आर्या पीड़ित महिला के आवास पर पहुंचीं और परिजनों से मुलाकात कर घटना की विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

पीड़िता ने विधायक को बताया कि सोहेल नामक युवक उसे बहला-फुसलाकर बिजनौर ले गया, जहां उसके साथ मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया गया। आरोप है कि उसे जबरन मांस खिलाया गया और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया गया। विरोध करने पर उसे धमकाया गया और लगातार प्रताड़ित किया गया। किसी तरह वापस लौटने के बाद उसने परिजनों को आपबीती सुनाई और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

मामले के सार्वजनिक होने के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच नाराजगी देखी जा रही है। विभिन्न सामाजिक संगठनों ने भी घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों में प्रशासन को संवेदनशीलता और तत्परता दिखानी चाहिए।पीड़ित परिवार से मुलाकात के दौरान विधायक सरिता आर्या ने कहा कि समाज के कमजोर और अनुसूचित वर्ग से जुड़ी महिलाओं को निशाना बनाए जाने की घटनाएं अत्यंत गंभीर हैं। उन्होंने प्रशासन से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की। विधायक ने स्पष्ट कहा कि पीड़िता को न्याय दिलाना उनकी प्राथमिकता है और इस संबंध में हर स्तर पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

उन्होंने आश्वस्त किया कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही उन्होंने पुलिस और प्रशासन से कहा कि पीड़िता और उसके परिवार की सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखा जाए।

इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष नीरज बिष्ट भी विधायक के साथ मौजूद रहे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई ।

Ad