मुख्यमंत्री ने नशा मुक्ति और वरिष्ठ नागरिक सम्मान की दिलाई शपथ

खबर शेयर करें -

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून स्थित आईआरडीटी सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय सामूहिक जागरूकता एवं अभिमुखीकरण कार्यक्रम में प्रदेश के 9 लाख 74 हजार 338 लाभार्थियों के खातों में 176 करोड़ 59 लाख 24 हजार रुपये की पेंशन राशि वन क्लिक के माध्यम से हस्तांतरित की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति अभियान तथा वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और देखभाल की शपथ भी दिलाई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक बिना भेदभाव और बिना किसी बाधा के सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जन-धन योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना और मुफ्त राशन जैसी योजनाओं से करोड़ों लोगों को लाभ मिला है। वहीं मुद्रा योजना, पीएम स्वनिधि और राष्ट्रीय आजीविका मिशन के माध्यम से लोगों को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि उत्तराखंड सरकार अंत्योदय परिवारों को प्रतिवर्ष तीन मुफ्त गैस सिलेंडर उपलब्ध करा रही है। साथ ही दिव्यांगजनों के वाहन भत्ते में वृद्धि, स्वयं सहायता समूहों को ‘लखपति दीदी योजना’ से जोड़ने और विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के जरिए लोगों को आत्मनिर्भर बनाने का कार्य किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने राज्य में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, रेल और हवाई कनेक्टिविटी के क्षेत्र में तेजी से काम हो रहा है। केदारखंड और मानसखंड मंदिर माला मिशन, शीतकालीन पर्यटन, शारदा कॉरिडोर, ऋषिकेश-हरिद्वार कॉरिडोर समेत कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं पर कार्य जारी है।

उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों में राज्य की अर्थव्यवस्था डेढ़ गुना बढ़ी है और बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। साथ ही नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद साढ़े चार वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां दी गई हैं।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, भरत चौधरी, विधायक सविता कपूर, पार्वती दास, भूपाल राम टम्टा सहित विभिन्न आयोगों, परिषदों और समितियों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Ad