बजरंग सेतु से लेकर स्थानीय उद्यम तक, मुख्य सचिव ने परखी विकास की तस्वीर

खबर शेयर करें -

तपोवन में विकास कार्यों का लिया जायजा, स्वरोजगार मॉडल को सराहा

टिहरी गढ़वाल। उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने बुधवार को तपोवन और नरेंद्रनगर क्षेत्र में चल रही विकास एवं आजीविका परियोजनाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों को गुणवत्ता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने तपोवन स्थित बजरंग सेतु और प्लास्डा के हिलान्स हिमालयन भोजनालय का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

तपोवन में निर्माणाधीन बजरंग सेतु का निरीक्षण करते हुए मुख्य सचिव ने परियोजना की प्रगति, तकनीकी गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों की जानकारी ली। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने उन्हें सेतु की इंजीनियरिंग संरचना और निर्माण कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। मुख्य सचिव ने कहा कि सार्वजनिक उपयोग की परियोजनाओं में सुरक्षा और गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।

इसके बाद उन्होंने नरेंद्रनगर विकासखंड के प्लास्डा गांव स्थित हिलान्स हिमालयन भोजनालय का दौरा किया। यहां उन्होंने स्थानीय महिलाओं द्वारा संचालित स्वरोजगार मॉडल की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने वाला उदाहरण बताया।

भोजनालय की संचालक बीना पुंडीर ने बताया कि रीप परियोजना, बैंक ऋण और सामुदायिक सहयोग से इस उद्यम की स्थापना संभव हो सकी, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और आय के अवसर बढ़े हैं।

मुख्य सचिव ने भोजनालय परिसर को और अधिक आकर्षक बनाने, व्यापक वृक्षारोपण करने तथा ग्राहकों की सुविधा के लिए मेनू को सुव्यवस्थित ढंग से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्यटन और स्थानीय उत्पादों पर आधारित ऐसे प्रयास पहाड़ों में रोजगार सृजन के नए अवसर खोल रहे हैं, जिन्हें सरकार लगातार प्रोत्साहित कर रही है।

निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे और उन्होंने विकास कार्यों की प्रगति से मुख्य सचिव को अवगत कराया।

Ad