मौसम बना बाधा, अल्मोड़ा नहीं पहुंच सके राहुल गांधी; वीडियो संदेश जारी कर कार्यकर्ताओं से किया संवाद
नई दिल्ली/अल्मोड़ा: उत्तराखंड दौरे पर पहुंचे कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को खराब मौसम के चलते अल्मोड़ा में प्रस्तावित जनसभा में शामिल नहीं हो सके। राहुल गांधी सुबह पंतनगर हवाई अड्डे पहुंचे थे, जहां से उन्हें हेलीकॉप्टर के जरिए अल्मोड़ा जाना था, लेकिन मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण पायलट ने उड़ान भरने से इनकार कर दिया।
जनसभा रद्द होने के बाद राहुल गांधी ने एक वीडियो संदेश जारी कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और प्रदेशवासियों से खेद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वह अल्मोड़ा में लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं, उम्मीदें और चिंताएं सुनना चाहते थे, लेकिन मौसम ने कार्यक्रम में बाधा डाल दी।
राहुल गांधी ने अपने संदेश में कहा कि उन्हें उत्तराखंड की वर्तमान स्थिति, प्रदेश के आर्थिक और सामाजिक मुद्दों, युवाओं के भविष्य तथा राज्य के सामने खड़ी चुनौतियों पर चर्चा करनी थी। इसके अलावा पौड़ी गढ़वाल में पूर्व सैनिकों के साथ बैठक और कोटद्वार में अन्य कार्यक्रम भी प्रस्तावित थे।
उन्होंने कहा कि “प्रकृति के आगे हम सभी विनम्र हैं और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता।” राहुल गांधी ने भरोसा दिलाया कि वह जल्द ही फिर उत्तराखंड आएंगे और लोगों के बीच पहुंचकर संवाद करेंगे।
राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर उत्साहित कांग्रेस कार्यकर्ताओं में निराशा जरूर देखने को मिली, लेकिन उनके जल्द दोबारा आने के आश्वासन से कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जताई कि अगला दौरा और अधिक व्यापक होगा।
