उत्तराखण्ड निवास में हुई मुख्यमंत्री और सांसद हेमा मालिनी की मुलाकात
नई दिल्ली : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से नई दिल्ली स्थित उत्तराखण्ड निवास में प्रसिद्ध अभिनेत्री एवं मथुरा लोकसभा क्षेत्र की सांसद हेमा मालिनी ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों के बीच उत्तराखण्ड के विकास, सांस्कृतिक विरासत और राज्य के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने जैसे विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सांसद हेमा मालिनी का आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें उत्तराखण्ड के स्थानीय उत्पादों के अम्ब्रेला ब्रांड हाउस ऑफ हिमालयाज़ के विशेष उत्पाद भेंट किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड के स्थानीय उत्पाद गुणवत्ता, प्राकृतिकता और पारंपरिक विरासत का प्रतीक हैं, जिन्हें देश-विदेश में पहचान दिलाने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयासरत है।
उन्होंने कहा कि “वोकल फॉर लोकल” और “आत्मनिर्भर भारत” की भावना को आगे बढ़ाते हुए राज्य सरकार किसानों, महिला स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उद्यमियों द्वारा तैयार उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने का कार्य कर रही है। हाउस ऑफ हिमालयाज़ ब्रांड के माध्यम से उत्तराखण्ड के शहद, मसाले, दालें, हर्बल उत्पाद, ऑर्गेनिक सामग्री एवं हस्तशिल्प वस्तुओं को नई पहचान मिली है।
इस अवसर पर सांसद हेमा मालिनी ने उत्तराखण्ड की प्राकृतिक सुंदरता, संस्कृति और स्थानीय उत्पादों की सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य के उत्पादों में गुणवत्ता और विशिष्टता है, जो देशभर के लोगों को आकर्षित कर सकते हैं।शिष्टाचार भेंट के दौरान सौहार्दपूर्ण वातावरण में विभिन्न समसामयिक विषयों पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड को विकास, पर्यटन, संस्कृति और स्वरोजगार के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है।
