लोक कलाकार दीवान कनवाल के निधन पर मुख्यमंत्री धामी ने जताया शोक
गैरसैंण: उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रसिद्ध लोक कलाकार दीवान कनवाल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उनके निधन की खबर से प्रदेश के सांस्कृतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि दीवान कनवाल ने अपने जीवन को उत्तराखण्ड की समृद्ध लोक संस्कृति, लोक संगीत और पारंपरिक कला को समर्पित किया। उनके गीतों और प्रस्तुतियों ने न केवल प्रदेश में बल्कि देश के विभिन्न हिस्सों में भी उत्तराखण्ड की लोक परंपराओं को नई पहचान दिलाई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दीवान कनवाल का योगदान उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित और लोकप्रिय बनाने में अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। उनके निधन से लोक कला और सांस्कृतिक जगत को अपूरणीय क्षति हुई है, जिसकी भरपाई निकट भविष्य में संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि दीवान कनवाल ने अपनी कला के माध्यम से पहाड़ की संस्कृति, लोकजीवन और परंपराओं को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया, जिसे हमेशा याद रखा जाएगा।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों, मित्रों और उनके असंख्य प्रशंसकों को इस दुखद घड़ी में धैर्य और शक्ति प्रदान करने की कामना की है।
बताया जा रहा है कि लोक कलाकार दीवान कनवाल पिछले काफी समय से अस्वस्थ चल रहे थे। वह अल्मोड़ा स्थित अपने आवास पर स्वास्थ्य लाभ ले रहे थे। उनके निधन की सूचना मिलते ही सांस्कृतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की ।
