देहरादून में मुख्यमंत्री धामी ने 1035 सहायक अध्यापकों को सौंपे नियुक्ति पत्र

खबर शेयर करें -

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राजकीय दून मेडिकल कॉलेज, पटेल नगर, देहरादून में आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम में 1035 सहायक अध्यापकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इन नियुक्तियों में 17 विशेष शिक्षक भी शामिल हैं। नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले सभी अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री ने शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि ये नव-नियुक्त शिक्षक राज्य की शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आज से इन सभी शिक्षकों के कंधों पर उत्तराखंड के भविष्य को संवारने की बड़ी जिम्मेदारी आ गई है। उन्होंने कहा कि जब किसी बच्चे को गुणवत्तापूर्ण और संस्कारयुक्त शिक्षा मिलती है, तो वह केवल अपने जीवन को ही नहीं संवारता, बल्कि समाज और राष्ट्र के निर्माण में भी अमूल्य योगदान देता है। शिक्षक देश के उज्ज्वल भविष्य के शिल्पकार होते हैं और उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।

मुख्यमंत्री धामी ने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे बच्चों को उत्कृष्ट शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ उनमें समाज, संस्कृति और राष्ट्र के प्रति कर्तव्य की भावना भी विकसित करें, जिससे वे न केवल शिक्षित बल्कि संस्कारवान और जिम्मेदार नागरिक बन सकें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक, नवाचारयुक्त और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि विद्यालयों के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने से लेकर डिजिटल शिक्षा, शिक्षक प्रशिक्षण और कौशल विकास तक हर स्तर पर व्यापक सुधार किए जा रहे हैं। शिक्षा के क्षेत्र में तकनीक के अधिकतम उपयोग और शिक्षकों की क्षमता संवर्धन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि बच्चों को समयानुकूल शिक्षा उपलब्ध कराई जा सके।मुख्यमंत्री ने राज्य में रोजगार सृजन को लेकर कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में उत्तराखंड में 28 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी प्रदान की गई है। यह केवल एक आंकड़ा नहीं, बल्कि प्रदेश के युवाओं के आत्मसम्मान और विश्वास की जीत है। उन्होंने कहा कि इन साढ़े चार वर्षों में जितनी नौकरियां युवाओं को मिली हैं, वह राज्य गठन के बाद पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल की तुलना में दो गुना से भी अधिक हैं। सरकार युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ नहीं होने देगी।

कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में शिक्षा विभाग में 11 हजार 500 से अधिक नियुक्तियां की गई हैं। इसके अलावा 3 हजार 500 से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया वर्तमान में गतिमान है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा में नवाचार को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है और नई शिक्षा नीति के अनुरूप सुधार लागू किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर शिक्षा महानिदेशक सुश्री दीप्ति सिंह, निदेशक माध्यमिक शिक्षा डॉ. मुकुल कुमार सती, निदेशक प्राथमिक शिक्षा अजय नौडियाल, निदेशक अकादमिक शोध एवं प्रशिक्षण वंदना गर्ब्याल, अपर निदेशक कंचन देवराड़ी सहित शिक्षा विभाग के अनेक वरिष्ठ अधिकारी एवं नव-नियुक्त शिक्षक उपस्थित रहे।

Ad