खबर शेयर करें -

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड राज्य सरकार द्वारा जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संचालित की जा रही महत्वाकांक्षी पहल “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” को जनता का व्यापक समर्थन प्राप्त हो रहा है। राज्य सरकार की सुदृढ़ कार्ययोजना, प्रभावी क्रियान्वयन और प्रशासनिक सक्रियता का प्रत्यक्ष परिणाम है कि बड़ी संख्या में आम नागरिक इन विशेष कैम्पों के माध्यम से सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का सीधा लाभ उठा रहे हैं।

राज्यभर में आयोजित किए जा रहे इन विशेष जनसेवा कैम्पों का उद्देश्य शासन को जनता के और अधिक निकट लाना तथा अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है। इसी क्रम में आज आयोजित कुल 10 विशेष कैम्पों में 12,510 नागरिकों ने सहभागिता की, जो सरकार की जनहितकारी नीतियों एवं प्रशासन पर आमजन के बढ़ते विश्वास को स्पष्ट रूप से दर्शाता है। अब तक की कुल अवधि की बात करें तो राज्य के विभिन्न जनपदों में 484 विशेष कैम्पों का आयोजन किया जा चुका है, जिनके माध्यम से कुल 3,89,868 लोगों को प्रत्यक्ष रूप से विभिन्न सरकारी सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया है। इन कैम्पों में राजस्व, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा, श्रम, महिला एवं बाल विकास सहित अनेक विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे आम नागरिकों को भटकाव से राहत मिल रही है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस अवसर पर कहा कि राज्य सरकार का मूल उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि “हमारी सरकार का संकल्प है कि शासन स्वयं जनता के द्वार तक पहुंचे। इसी सोच के साथ ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान को पूरे राज्य में प्रभावी रूप से लागू किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ये विशेष कैम्प शासन और जनता के बीच एक सशक्त सेतु का कार्य कर रहे हैं, जिससे न केवल त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी सेवा वितरण संभव हो पा रहा है, बल्कि आम जनता की समस्याओं का समाधान भी समयबद्ध रूप से किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासनिक टीम की संवेदनशीलता और समर्पण ही इस अभियान की सफलता का आधार है।

मुख्यमंत्री धामी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे इसी प्रतिबद्धता, पारदर्शिता और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करते रहें, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा सके। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में यह पहल न केवल जनसामान्य के जीवन स्तर को बेहतर बनाएगी, बल्कि उत्तराखंड के समग्र और संतुलित विकास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी।

Ad