मुख्यमंत्री धामी ने प्रखर छात्रवृत्ति योजना 2025 के मेधावियों को किया सम्मानित

खबर शेयर करें -

देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में विशेष कार्यक्रम में ‘प्रखर छात्रवृत्ति योजना 2025’ के अंतर्गत चयनित मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। यह छात्रवृत्ति योजना उन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए संचालित की गई है, जो अखबार वितरण करने वाले एजेंटों के मेहनतकश परिवारों से संबंध रखते हैं और सीमित संसाधनों के बावजूद शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने चयनित विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियां कभी भी सफलता के मार्ग में बाधा नहीं बन सकतीं, यदि व्यक्ति में मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण हो। उन्होंने कहा कि आज सम्मानित हो रहे ये विद्यार्थी समाज के लिए प्रेरणा स्रोत हैं, जिन्होंने संघर्षपूर्ण परिस्थितियों में भी अपनी प्रतिभा और परिश्रम से प्रदेश का नाम रोशन किया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि ये बच्चे केवल अपने परिवारों का ही नहीं, बल्कि पूरे समाज का गौरव हैं। उन्होंने विद्यार्थियों के अभिभावकों की भी सराहना करते हुए कहा कि अखबार वितरण जैसे कठिन कार्य से जुड़े परिवार अपने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए निरंतर संघर्ष करते हैं। उनके परिश्रम, त्याग और समर्पण का ही परिणाम है कि आज उनके बच्चे इस मुकाम तक पहुंचे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर सुधार, नवाचार और गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहन देना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है, ताकि वे आगे बढ़कर देश और समाज के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे बड़े सपने देखें, उन्हें साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करें और कभी भी अपने लक्ष्य से पीछे न हटें। मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ हर चुनौती को अवसर में बदला जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, छात्र-छात्राओं के अभिभावक तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। समारोह में सम्मानित विद्यार्थियों और उनके परिवारों के चेहरों पर गर्व और खुशी साफ झलक रही थी।

Ad