खबर शेयर करें -

देहरादून : मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में सचिवालय में राज्य स्तरीय नेशनल कोऑर्डिनेशन सेंटर फॉर ड्रग लॉ एनफोर्समेंट (NCORD) की 11वीं बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश में नशीले पदार्थों की तस्करी, अवैध व्यापार, रोकथाम, पुनर्वास और जागरूकता अभियान को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान मुख्य सचिव ने सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों से जनपदवार स्थिति की जानकारी लेते हुए सख्त निर्देश जारी किए।

मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेश में मादक पदार्थों के खिलाफ सुनियोजित और प्रभावी अभियान चलाने के लिए अगले 15 दिनों के भीतर एक वर्ष का राज्य स्तरीय तथा जनपद स्तरीय रोडमैप तैयार कर प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी संबंधित विभाग अपने-अपने स्तर पर एनफोर्समेंट, जागरूकता, उपचार और रिहेबिलिटेशन को शामिल करते हुए विस्तृत कार्ययोजना सचिव गृह को उपलब्ध कराएं।

उन्होंने मादक पदार्थों से जुड़े मामलों के शीघ्र निस्तारण पर जोर देते हुए कहा कि व्यावसायिक मात्रा में पकड़े गए मामलों को गंभीरता से लिया जाए और नियमित फॉलोअप कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। पुलिस विभाग को सप्लाई चेन तोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।

मुख्य सचिव ने स्कूली बच्चों और युवाओं को ड्रग्स के दुष्प्रभावों से जागरूक करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित करने को कहा। साथ ही सभी शिक्षण संस्थानों में एंटी ड्रग क्लब गठित करने तथा स्कूल-कॉलेजों के 100 मीटर दायरे में गुटखा, तंबाकू और अन्य नशे से जुड़े उत्पादों की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए मुख्य सचिव ने राजकीय अस्पतालों में डी-एडिक्शन के लिए बेड आरक्षित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि शुरुआती चरण में प्रत्येक जनपद के कम से कम एक अस्पताल में नशामुक्ति उपचार के लिए कुछ बेड समर्पित किए जाएं। मुख्य सचिव ने एनसीबी द्वारा संचालित राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन ‘मानस-1933’ के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपने कार्यालयों के सूचना पट्ट एवं प्रवेश द्वारों पर हेल्पलाइन की जानकारी प्रदर्शित करें, ताकि आमजन नशीले पदार्थों की बिक्री या आपूर्ति से जुड़ी सूचना आसानी से साझा कर सकें।

बैठक में डीजी इंटेलिजेंस अभिनव कुमार, सचिव शैलेष बगौली, आईजी डॉ. नीलेश आनंद भारणे, अपर सचिव गृह निवेदिता कुकरेती, एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह सहित सभी जनपदों के जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उपस्थित रहे।

Ad