रायवाला में स्कूटी चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
रायवाला/ऋषिकेश : रायवाला क्षेत्र में घर के बाहर खड़ी स्कूटी चोरी होने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई स्कूटी एक्टिवा भी बरामद कर ली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 17 अप्रैल 2026 को दीपिका रयाल निवासी गली नंबर-01, खैरीखुर्द रायवाला ने कोतवाली रायवाला में तहरीर देकर बताया कि 16 अप्रैल 2026 को उनकी स्कूटी एक्टिवा संख्या UK14N-6395 को किसी अज्ञात चोर द्वारा घर के बाहर से चोरी कर लिया गया है। तहरीर के आधार पर कोतवाली रायवाला में मुकदमा अपराध संख्या 53/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन में जनपदभर में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इसी क्रम में रायवाला पुलिस को मामले के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए।
पुलिस टीम ने घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटाई। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया और पूर्व में चोरी की घटनाओं में शामिल रहे व्यक्तियों का सत्यापन भी किया गया।
लगातार प्रयासों के बाद 27 अप्रैल 2026 को नेपाली फार्म रायवाला के पास चेकिंग अभियान के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी रोहित गर्ग पुत्र स्व. मदन लाल गर्ग, निवासी सुभाषनगर, निकट पानी की टंकी, थाना बुरिया चौकी गेट, जगाधरी, जिला यमुनानगर (हरियाणा), उम्र 34 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई स्कूटी एक्टिवा संख्या UK14N-6395 बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वादिनी दीपिका रयाल के पड़ोस में उसका ससुराल है। कुछ समय पहले उसके बच्चे के वादिनी के घर में चले जाने पर वादिनी की सास ने बच्चे को डांटकर भगा दिया था। इसी बात की रंजिश रखते हुए उसने महिला को सबक सिखाने की नीयत से उनके घर के आंगन में रखी स्कूटी की चाबी उठाकर स्कूटी चोरी कर ली।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है। रायवाला पुलिस की इस कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।
