मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, 22 छात्र-छात्राओं को किया गया पुरस्कृत
ऋषिकेश : ऋषिकेश क्षेत्र में शिक्षा को बढ़ावा देने और प्रतिभाओं को सम्मानित करने की दिशा में स्वर्गीय राजेश व्यास स्मृति मंच द्वारा एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। खदरी खड़कमाफ स्थित चोपड़ा फार्म में आयोजित समारोह में उत्तराखंड बोर्ड हाई स्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 22 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम प्रधान संगीता थपलियाल ने की। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में डोईवाला की कनिष्ठ प्रमुख बीना चौहान मौजूद रहीं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चों ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और लगन के बल पर यह सफलता अर्जित की है। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मान समारोह विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं और अन्य बच्चों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने कहा कि स्वर्गीय राजेश व्यास स्मृति मंच हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहा है, जो समाज के लिए सराहनीय पहल है।
कार्यक्रम का संचालन समाजसेवी विनोद चौहान ने किया। इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत सदस्य गुमानीवाला रुकमा व्यास, क्षेत्र पंचायत सदस्य खैरीखुर्द माधुरी देवी, ग्राम पंचायत सदस्य खदरी खड़कमाफ भुवनेश्वरी भट्ट, नालंदा शिक्षण संस्थान के प्रबंधक महावीर प्रसाद उपाध्याय, विवेका अकैडमी के प्रबंधक रयाल, पूर्व ग्राम प्रधान भट्टोवाला सतीश रावत, विनोद पोखरियाल, संदीप कुड़ियाल, हीरा सिलस्वाल, कैलाश बिंजोला, लक्ष्मण राणा, विनोद भट्ट, अनूप रावत एवं गोविंद बोरा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समारोह के अंत में मंच की ओर से सभी सम्मानित विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र देकर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे शिक्षा के क्षेत्र में प्रेरणादायक कदम बताया।
