खबर शेयर करें -

ऋषिकेश : सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, आवास विकास ऋषिकेश ने एक बार फिर अपनी शैक्षिक गुणवत्ता और उत्कृष्ट परिणामों से क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा परिणाम घोषित होते ही विद्यालय में खुशी की लहर दौड़ गई। इस वर्ष विद्यालय के कुल 11 छात्र-छात्राओं ने प्रदेश की मेरिट सूची में स्थान प्राप्त कर नया इतिहास रच दिया। इनमें 7 विद्यार्थी हाईस्कूल तथा 4 विद्यार्थी इंटरमीडिएट वर्ग से शामिल हैं।

विद्यालय के प्रधानाचार्य उमाकांत पंत ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष भी विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा है। विद्यालय ने गढ़वाल मंडल में प्रथम स्थान प्राप्त किया है, वहीं उत्तराखंड राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान हासिल कर एक नई उपलब्धि अपने नाम की है। परिणाम घोषित होने के बाद विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल बना हुआ है और प्रधानाचार्य सहित समस्त शिक्षकों को लगातार बधाइयाँ मिल रही हैं।

इंटरमीडिएट वर्ग में छात्र आर्यन ने प्रदेश की मेरिट सूची में द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम पूरे राज्य में ऊंचा किया है। इसके अलावा गौरव ने 17वीं रैंक, हिमांशु गुप्ता (कॉमर्स) ने 23वीं रैंक तथा अन्वेषिका ने 25वीं रैंक हासिल की। विशेष उपलब्धि यह रही कि विद्यालय से पहली बार कॉमर्स वर्ग के छात्र ने भी मेरिट सूची में स्थान बनाया, जिसे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय माना जा रहा है।

हाईस्कूल वर्ग में भी छात्रों ने दिखाई प्रतिभा

  1. सक्षम – 13वीं रैंक
  2. अक्षिता गैरोला – 16वीं रैंक
  3. अर्णव बसलियाल – 17वीं रैंक
  4. निखिल रतूड़ी – 20वीं रैंक
  5. अभिषेक राणा – 21वीं रैंक
  6. शिवानी सेमवाल – 24वीं रैंक
  7. सांची चोपड़ा – 25वीं रैंक

विद्यालय की इस ऐतिहासिक सफलता के बाद शिक्षाविदों, अभिभावकों, पत्रकारों, संघ से जुड़े पदाधिकारियों तथा प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा लगातार बधाइयाँ दी जा रही हैं।

प्रधानाचार्य उमाकांत पंत ने इस उपलब्धि का श्रेय विद्यालय के समर्पित शिक्षकों, विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत और अभिभावकों के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालय अनुशासन, संस्कार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के बल पर निरंतर उत्कृष्ट परिणाम दे रहा है। भविष्य में भी विद्यालय इसी प्रकार नए कीर्तिमान स्थापित करता रहेगा। विद्यालय की इस सफलता ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि ऋषिकेश का सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज प्रदेश के अग्रणी शिक्षण संस्थानों में अपनी अलग पहचान रखता है।

Ad