गौरा देवी चौक पर शराब बेचते युवक गिरफ्तार
ऋषिकेश : देर रात आबकारी विभाग ऋषिकेश एवं जनपदीय प्रवर्तन दल देहरादून की संयुक्त टीम ने अवैध शराब के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाते हुए एक युवक को वाहन सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की गई है।
जानकारी के अनुसार आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट के नेतृत्व में संयुक्त टीम द्वारा चंद्रभागा क्षेत्र एवं गौरा देवी चौक के पास देर रात्रि विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की गहन जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में वाहन के साथ मिला, जिसकी तलाशी लेने पर वाहन की डिग्गी से 30 पव्वे मैकडॉवेल नंबर-1 व्हिस्की अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
पकड़े गए आरोपी की पहचान दीपक कुमार पुत्र अमन सिंह निवासी जाटव बस्ती के रूप में हुई है। टीम ने आरोपी को मौके पर ही अवैध शराब बिक्री करते हुए गिरफ्तार कर लिया।आबकारी विभाग की टीम आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60/72 के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई में जुट गई है।
आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी और अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
