प्रतीतनगर में पंखे से लटका मिला एम्स कर्मचारी का शव
रायवाला : प्रतीतनगर क्षेत्र में एम्स ऋषिकेश में कार्यरत एक कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव कमरे के अंदर पंखे से लटका मिला। पुलिस इसे प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला मान रही है।
रायवाला कोतवाली के उप निरीक्षक कविंद्र राणा ने बताया कि सुबह करीब छह बजे सूचना मिली कि 45 वर्षीय सुनील झुकरेती का शव कमरे में पंखे से लटका है। वह एम्स ऋषिकेश में कार्यरत थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सुनील की मृत्यु हो चुकी थी।
रायवाला के प्रभारी निरीक्षक देवव्रत जोशी ने बताया कि मामले में पूछताछ की गई तो पता चला कि सुनील मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
