महिलाओं की श्रीकृष्ण लीला बनी आकर्षण का केंद्र, नारी शक्ति और संस्कृति का अद्भुत संगम

खबर शेयर करें -

ऋषिकेश/रायवाला : होशियारी माता मंदिर के पावन प्रांगण में महिलाओं द्वारा आयोजित श्रीकृष्ण लीला का भव्य मंचन इन दिनों क्षेत्र में आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। इस अनूठे आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि संपूर्ण लीला का संचालन, निर्देशन और मंचन केवल महिलाओं द्वारा किया जा रहा है, जो नारी शक्ति, सांस्कृतिक चेतना और भारतीय परंपराओं का सुंदर संगम प्रस्तुत कर रहा है।

कार्यक्रम की शुरुआत भगवान विष्णु के नृसिंह अवतार से हुई, जिसमें हिरण्यकश्यप वध, भक्त प्रह्लाद की अटूट भक्ति तथा ध्रुव चरित्र जैसे प्रेरणादायक प्रसंगों का प्रभावशाली मंचन किया गया। इसके बाद श्रीकृष्ण जन्म, पूतना वध, माखन चोरी, कालिया नाग दमन, गोवर्धन लीला, इंद्र का घमंड तोड़ने तथा रासलीला जैसे मनोहारी दृश्यों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। भावपूर्ण प्रस्तुतियों को देखकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे और कलाकारों की जमकर सराहना की।

इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष गणेश सिंह रावत, प्रतीतनगर ग्राम प्रधान राजेश जुगलान तथा रायवाला ग्राम प्रधान सागर गिरी ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं द्वारा आयोजित यह कृष्ण लीला लगातार तीसरे वर्ष भी अत्यंत भव्य और अनुकरणीय रूप में प्रस्तुत की जा रही है। उन्होंने कहा कि मंच पर 5 वर्ष की बालिकाओं से लेकर 70 वर्ष तक की महिलाएं अभिनय कर रही हैं, जो समाज के लिए प्रेरणादायक संदेश है।

स्थानीय महिलाओं की इस पहल को क्षेत्रभर में व्यापक सराहना मिल रही है। यह आयोजन केवल धार्मिक आस्था को ही सशक्त नहीं कर रहा, बल्कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी, सांस्कृतिक नेतृत्व और सामाजिक योगदान को भी नई दिशा दे रहा है। कार्यक्रम संयोजकों ने बताया कि 29 अप्रैल को कंस वध एवं सुदामा-कृष्ण मिलन के साथ लीला का विश्राम होगा, जबकि 30 अप्रैल को प्रसाद वितरण के साथ आयोजन का समापन किया जाएगा।

इस भव्य आयोजन में सरस्वती अधिकारी, दुर्गा, मंजू देवी, मंजू पाठक, अलका क्षेत्री, दीपा चमोली, उमा जोशी, रोशनी, इकला, राधिका, प्रियंका सुबेदी, कमलेश भंडारी, सुषमा, लक्ष्मी डंगवाल, शोभा बडोला, माया डबराल सहित अनेक महिलाएं विभिन्न भूमिकाओं में सक्रिय योगदान दे रही हैं।कार्यक्रम में ऋषि राम शर्मा, रिखी राम शर्मा, सुरेश कुशाल, अनिल डबराल समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Ad