ऋषिकेश में बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी का औचक निरीक्षण
ऋषिकेश : चारधाम यात्रा को सुव्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुगम बनाने की दिशा में श्री बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) लगातार सक्रिय नजर आ रही है। चारधाम यात्रा ट्रांजिट कैंप परिसर, ऋषिकेश स्थित बीकेटीसी के नव स्थापित कार्यालय का समिति अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय परिसर की विभिन्न व्यवस्थाओं और निर्मित कार्यालय कक्षों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नव स्थापित कार्यालय का संचालन जल्द से जल्द शुरू किया जाए, ताकि चारधाम यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कार्यालय कक्ष, पूछताछ काउंटर, आईटी सेल, मीडिया सेंटर तथा सभागार का निरीक्षण करते हुए निर्माण कार्यों और व्यवस्थाओं की समीक्षा की। साथ ही ट्रांजिट कैंप परिसर में यात्रियों को दी जा रही सुविधाओं का भी अवलोकन किया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं मजबूत, सुव्यवस्थित और सुचारु रखी जाएं। उन्होंने आईटी एवं सूचना तंत्र को और अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया, ताकि यात्रियों को समय पर सटीक जानकारी मिल सके।निरीक्षण के दौरान बीकेटीसी अध्यक्ष ने चारधाम यात्रा पर आए तीर्थयात्रियों की समस्याएं भी सुनीं और उनके त्वरित समाधान के निर्देश अधिकारियों को दिए।
इस अवसर पर भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश सहसंयोजक अमन कुकरेती, नितिन शर्मा, खुमेद्र सिंह, पीआरओ अजय जी, बीकेटीसी प्रभारी डॉ. हरीश गौड़, कार्यालय प्रभारी संजय भट्ट, विनोद नौटियाल, निर्माण एजेंसी के विनोद कुमार, सागर कश्यप सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
