ऋषिकेश में बहुमंजिला पार्किंग निर्माण कार्य का महापौर ने किया निरीक्षण

खबर शेयर करें -

ऋषिकेश : नगर निगम ऋषिकेश के महापौर शम्भू पासवान ने नगर निगम परिसर में निर्माणाधीन बहुमंजिला पार्किंग एवं कार्यालय भवन का संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

महापौर ने कहा कि यह नगर निगम की एक महत्वाकांक्षी परियोजना है, जिसे हर हाल में निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाना चाहिए। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि स्थानीय जनता को इस सुविधा का लाभ जल्द से जल्द मिलना चाहिए।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने कहा कि बहुमंजिला पार्किंग के निर्माण से शहर के मुख्य बाजारों और प्रमुख पर्यटक स्थलों पर आने वाले नागरिकों, श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को पार्किंग की समस्या से राहत मिलेगी। इससे शहर की यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और ट्रैफिक जाम की समस्या में भी काफी हद तक कमी आएगी।

निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर महापौर ने संबंधित ठेकेदार को सख्त निर्देश दिए कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को मानकों के अनुरूप सामग्री के उपयोग तथा निर्माण प्रक्रिया की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। इस अवसर पर नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल, एमडीडीए के अधिकारी तथा संबंधित ठेकेदार मौजूद रहे।

Ad