महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर सख्ती के निर्देश, डीएम नितिका खण्डेलवाल ने ली राजस्व विभाग की बैठक
नई टिहरी, 28 अप्रैल। जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में राजस्व विभाग की मासिक स्टाफ बैठक जिला कार्यालय सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जनपद की कानून-व्यवस्था, राजस्व कार्यों तथा विभिन्न आपराधिक मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई।बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराधों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने अभियोजन और पुलिस को आपसी समन्वय के साथ लंबित वादों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही अवैध शराब के खिलाफ लगातार छापेमारी करने तथा शस्त्र अधिनियम, आबकारी और कोटपा एक्ट से जुड़े मामलों का तेजी से निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र नेगी ने बैठक में भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत दर्ज मामलों की जानकारी प्रस्तुत की। वहीं, पॉक्सो अधिनियम के तहत बढ़ते मामलों पर गंभीर चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।इसके अलावा एनडीपीएस अधिनियम, शस्त्र अधिनियम और आबकारी से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों, तहसीलदारों एवं नायब तहसीलदारों को अपने-अपने क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्क रहने तथा लंबित राजस्व मामलों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता से जुड़े मामलों में त्वरित और पारदर्शी कार्यवाही को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र नेगी सहित विभिन्न परगनों के उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
