केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सेवा में SDRF टीम लगातार
केदारनाथ : चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य सहायता और आपदा प्रबंधन को लेकर राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की टीमें केदारनाथ धाम में लगातार सक्रिय और तत्पर हैं। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों तथा ऊंचाई वाले क्षेत्र में तैनात SDRF कर्मी हर आपात स्थिति में यात्रियों की सहायता कर रहे हैं।
इसी क्रम में सेक्टर मजिस्ट्रेट हेलीपैड केदारनाथ द्वारा सूचना मिलने पर SDRF टीम ने पीएचसी केदारनाथ से लक्ष्मण अधिकारी (20 वर्ष), निवासी जुमला, नेपाल को तत्काल सुरक्षित रूप से हेलीपैड तक पहुंचाया। यात्री की तबीयत बिगड़ने पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने उन्हें शीघ्र चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
वहीं दूसरी ओर श्री केदार मंदिर प्रांगण में दर्शन के दौरान वर्षा शर्मा (32 वर्ष), निवासी कोटा, राजस्थान की अचानक तबीयत खराब हो गई और उन्हें सांस लेने में दिक्कत होने लगी। मौके पर ड्यूटीरत SDRF टीम ने बिना देर किए ऑक्सीजन उपलब्ध कराई तथा प्राथमिक उपचार देकर उनकी स्थिति को स्थिर किया।
श्रद्धालुओं और स्थानीय प्रशासन ने SDRF की त्वरित कार्रवाई, समर्पण और सेवा भावना की सराहना की है। चारधाम यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंच रहे हैं, ऐसे में SDRF की मौजूदगी यात्रियों के लिए भरोसे और सुरक्षा का मजबूत आधार बनी हुई है। आपदा एवं आपात परिस्थितियों में SDRF की टीमें श्रद्धालुओं की सेवा, सुरक्षा और सहायता के लिए हर समय पूर्ण समर्पण के साथ कार्यरत हैं।
