खबर शेयर करें -

चम्पावत/लोहाघाट : जनपद चम्पावत की प्रशासनिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए उत्तराखंड शासन ने उप तहसील पुल्ला गुमदेश के मुख्यालय परिवर्तन की अधिसूचना जारी कर दी है। अब तक गुरेली से संचालित हो रही उप तहसील का मुख्यालय किमतोली स्थानांतरित कर दिया गया है। शासन के इस फैसले से क्षेत्रवासियों को प्रशासनिक सेवाओं का लाभ अधिक सुगमता से मिलने की उम्मीद है।

राजस्व अनुभाग-1 द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार यह निर्णय क्षेत्रीय आवश्यकताओं, भौगोलिक परिस्थितियों और प्रशासनिक सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। शासन स्तर पर लंबे समय से इस विषय पर विचार-विमर्श चल रहा था, जिसके बाद राज्यपाल की मंजूरी मिलने पर अधिसूचना जारी की गई।

अधिसूचना में बताया गया है कि राज्यपाल ने उत्तर प्रदेश साधारण खण्ड अधिनियम, 1904 की धारा 21 के तहत प्राप्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए पूर्व में जारी अधिसूचनाओं में संशोधन को स्वीकृति प्रदान की है। इसके तहत पुल्ला गुमदेश उप तहसील के मुख्यालय को गुरेली से बदलकर किमतोली घोषित किया गया है।

गौरतलब है कि पुल्ला गुमदेश उप तहसील का गठन 31 जनवरी 2015 को किया गया था, उस समय इसका मुख्यालय छीड़ाखाल निर्धारित किया गया था। बाद में प्रशासनिक जरूरतों के अनुसार संशोधन करते हुए मुख्यालय गुरेली स्थानांतरित किया गया। अब एक बार फिर शासन ने बदलाव करते हुए किमतोली को नया प्रशासनिक केंद्र बनाया है।

स्थानीय लोगों का मानना है कि किमतोली को मुख्यालय बनाए जाने से क्षेत्र के दूरस्थ गांवों के निवासियों को राजस्व, प्रमाण पत्र, भूमि अभिलेख, शिकायत निस्तारण और अन्य सरकारी कार्यों के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी। साथ ही आवागमन की दृष्टि से भी यह स्थान अधिक उपयुक्त माना जा रहा है।

प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि मुख्यालय परिवर्तन के बाद आवश्यक व्यवस्थाएं जल्द पूरी कर ली जाएंगी, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो और सेवाएं समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराई जा सकें।

Ad