ऋषिकेश में महिला आरक्षण को लेकर यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन
ऋषिकेश : ऋषिकेश में उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू करने की मांग को लेकर यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने देहरादून तिराहे पर एकत्र होकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और विरोध स्वरूप पुतला दहन किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे यूथ कांग्रेस महानगर अध्यक्ष हिमांशु कश्यप ने कहा कि राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यदि विधानसभा चुनाव में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू किया जाता है तो इससे महिलाओं को सशक्त बनाने और निर्णय प्रक्रिया में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने में बड़ी मदद मिलेगी।
हिमांशु कश्यप ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार इस महत्वपूर्ण मुद्दे को लगातार नजरअंदाज कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार को महिलाओं के अधिकारों और राजनीतिक प्रतिनिधित्व को लेकर गंभीरता दिखानी चाहिए तथा जल्द ठोस कदम उठाने चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मांगों पर शीघ्र ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन को और व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा। महिलाओं के अधिकारों की यह लड़ाई लगातार जारी रहेगी।
इस मौके पर विशाल भारती, माना रावत, रेहान बन्दोलिया, सुभाष, अभिषेक, सुमित, दीपक, सूरज, दीपू, प्रियांशु, अर्पित सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
