खबर शेयर करें -

देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने सड़क, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा, भूमि संबंधी मामलों सहित अन्य जनहित से जुड़े मुद्दों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा।

मुख्यमंत्री धामी ने मुख्यमंत्री कार्यालय एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी शिकायतों एवं मांगों पर प्राथमिकता के आधार पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रकरण की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि शिकायतों को तत्काल संबंधित विभागों को प्रेषित कर समयबद्ध निस्तारण किया जाए तथा शिकायतकर्ताओं को की गई कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को उसकी समस्याओं का शीघ्र एवं प्रभावी समाधान मिले। उन्होंने जनसुनवाई कार्यक्रमों को शासन और जनता के बीच संवाद स्थापित करने का सशक्त माध्यम बताते हुए कहा कि इससे सरकार को जमीनी स्तर की वास्तविक समस्याओं की जानकारी मिलती है, जिसके आधार पर प्रभावी निर्णय लिए जा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनकल्याण, सुशासन और समग्र विकास के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। दूरस्थ एवं सीमांत क्षेत्रों तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ आमजन को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जाए।

इस अवसर पर फिल्म अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी ने भी मुख्यमंत्री से भेंट कर उत्तराखण्ड में चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए की गई बेहतर व्यवस्थाओं की सराहना की और आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन यात्रा को सुचारु और सुरक्षित बनाने के लिए पूरी तत्परता से कार्य कर रहा है। वहीं, आंगनबाड़ी कर्मियों ने भी अपनी विभिन्न समस्याओं एवं मांगों पर सकारात्मक आश्वासन मिलने पर मुख्यमंत्री का आभार जताया।

Ad