मुख्यमंत्री बोले युवाओं के लिए प्रेरणादायक है बेटियों की सफलता

खबर शेयर करें -

देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की प्रतिष्ठित सिविल सेवा परीक्षा में चयनित उत्तराखंड की तीन बेटियों शांभवी तिवारी (निवासी किच्छा), प्रिया चौहान (निवासी काशीपुर) और सौम्या गर्ब्याल (निवासी भीमताल) से अपने निजी आवास नगला तराई में संवाद कर उन्हें हार्दिक बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन बेटियों ने न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि तीनों बेटियों की यह उपलब्धि प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि यह सफलता उनके समर्पण, अनुशासन और कठिन परिश्रम का परिणाम है। मुख्यमंत्री ने सिविल सेवा में चयनित तीनों प्रतिभाशाली बेटियों को पुस्तक, उपहार एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने उनके परिजनों से भी बातचीत कर उन्हें बधाई दी और कहा कि बेटियों की इस सफलता में परिवार का सहयोग भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने जनपद की जिला पर्यटन विकास अधिकारी लता बिष्ट को भी सम्मानित किया। लता बिष्ट ने भारतीय पर्वतारोहण फाउंडेशन, नई दिल्ली द्वारा आयोजित माउंट चंद्रभागा-13 (6264 मीटर) और माउंट चंद्रभागा-14 (6074 मीटर) के पर्वतारोहण अभियान का टीम लीडर के रूप में सफल नेतृत्व कर पर्वत शिखरों पर विजय प्राप्त की। उनकी इस उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्री ने उन्हें शॉल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया तथा भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. उत्तम सिंह नेगी, उपजिलाधिकारी तुषार सैनी, प्रोबेशन अधिकारी व्योमा जैन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Ad