मसूरी में बारिश से बदला मौसम, ठंड ने दी दस्तक
मसूरी : पहाड़ों की रानी मसूरी में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली। दिन में हुई हल्की बूंदाबांदी से जहां वातावरण में फैली धूल और धुंध काफी हद तक कम हो गई, वहीं शाम होते-होते बारिश ने जोर पकड़ लिया। तेज बारिश और ठंडी हवाओं के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे क्षेत्र में ठंड का एहसास एक बार फिर बढ़ गया।बारिश के बाद मसूरी में घना कोहरा भी छा गया, जिससे सड़क पर चलने वाले वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर दृश्यता कम होने के कारण वाहनों को धीमी गति से चलाना पड़ा। स्थानीय प्रशासन ने भी वाहन चालकों से सावधानी बरतने की अपील की है।
अचानक बदले मौसम का असर पर्यटन गतिविधियों पर भी देखने को मिला। मसूरी घूमने आए पर्यटक ठंडी हवाओं और बारिश के कारण ठिठुरते नजर आए। कई पर्यटक गर्म कपड़ों और छतरियों के सहारे मौसम का आनंद लेते दिखाई दिए, जबकि कुछ लोग होटल और कैफे में शरण लेते दिखे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दिन में मौसम सामान्य था, लेकिन शाम को अचानक तेज बारिश और ठंडी हवाओं के कारण ठंड का असर फिर बढ़ गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की बारिश और बादल छाए रहने की संभावना बनी हुई है, जिससे तापमान में और गिरावट आ सकती है।
