सीएम धामी की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं को दिए गए निर्देश
देहरादून : उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय रूप से सहयोग करेगी। इस संबंध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची के अद्यतन कार्य में पूर्ण सहयोग देने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध और अद्यतन मतदाता सूची अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर ऐसे युवाओं की पहचान करें, जिन्होंने 18 वर्ष की आयु पूरी कर ली है लेकिन अभी तक उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं हुआ है। ऐसे सभी युवाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने में सक्रिय भूमिका निभाई जाए।इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जो लोग अपने क्षेत्र से बाहर जा चुके हैं या स्थायी रूप से अन्य स्थानों पर बस गए हैं, उनके नाम भी नियमानुसार मतदाता सूची से हटवाने में सहयोग किया जाए, ताकि मतदाता सूची पूरी तरह सटीक और पारदर्शी बन सके।
बैठक में यह भी चर्चा की गई कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। भाजपा कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर के अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने में सहयोग करने के निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने भरोसा जताया कि भाजपा के कार्यकर्ता इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे और राज्य में मतदाता सूची के शुद्धिकरण के कार्य को सफल बनाएंगे।
