समाज में स्वास्थ्य जागरूकता और नशा मुक्ति का दिया गया संदेश
ऋषिकेश : ग्रामसभा गढ़ी मयचक में स्वास्थ्य जागरूकता और नशा मुक्ति का संदेश देने के उद्देश्य से एक ओपन दौड़ मैराथन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में क्षेत्र के सैकड़ों स्कूली बच्चों के साथ-साथ गांव की महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। ग्रामीण क्षेत्र में पहली बार आयोजित इस मैराथन ने लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशे से दूर रहने का प्रेरणादायी संदेश दिया।
मैराथन में प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ दौड़ लगाई और कार्यक्रम को सफल बनाया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के लिए नकद पुरस्कार, मेडल और सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा 100 बच्चों को प्रतिभाग करने के लिए मेडल और सर्टिफिकेट देकर प्रोत्साहित किया गया।कार्यक्रम के सफल आयोजन पर युवक मंगल दल के अध्यक्ष विनय रावत और ग्राम प्रधान बॉबी रांगड़ ने सभी अतिथियों, प्रतिनिधियों और प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और युवाओं को नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रहने की प्रेरणा देते हैं।
इस अवसर पर आयोजक युवक मंगल दल की पूरी टीम, जिला पंचायत सदस्य विजयलक्ष्मी पंवार, हिमांशु पंवार, क्षेत्र पंचायत सदस्य अवतार कलुड़ा, शीशपाल पौखरियाल, महिला मंगल दल की अध्यक्ष सुमन रानी व महिला मंगल दल की टीम, लक्ष्मण सरदार सहित पंचायत के सभी सदस्यों ने सक्रिय सहयोग दिया।आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी समय-समय पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे नई प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिलेगा और समाज में स्वास्थ्य व जागरूकता का संदेश मजबूत होगा।
