खबर शेयर करें -

हल्द्वानी : कुमाऊं के हल्द्वानी और तराई-भाबर क्षेत्र में बढ़ती गर्मी के बीच सोमवार को अचानक मौसम ने करवट ले ली। दोपहर बाद तेज हवाओं के साथ हुई झमाझम बारिश ने मौसम को पूरी तरह बदल दिया। बारिश के चलते दिन के तापमान में करीब 10 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे क्षेत्र में एक बार फिर ठंड का अहसास होने लगा।सुबह तक जहां तेज धूप और गर्मी से लोग परेशान नजर आ रहे थे, वहीं दोपहर बाद आसमान में काले बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश शुरू हो गई। बारिश होने से सड़कों पर पानी भर गया और अचानक बदले मौसम के कारण लोगों को गर्म कपड़े निकालने पड़े।

मौसम के इस बदलाव से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं ठंडी हवाओं के कारण तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की गई। कई स्थानों पर तेज हवाओं के चलते पेड़ों की टहनियां भी टूटकर गिर गईं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से लगातार बढ़ रही गर्मी के बीच इस बारिश ने राहत जरूर दी है, लेकिन अचानक मौसम बदलने से ठंड का एहसास भी बढ़ गया है।

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कुमाऊं के कई इलाकों में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। विभाग ने अगले एक-दो दिन तक हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना भी जताई है। बारिश के बाद वातावरण में ठंडक बढ़ गई और लोगों ने राहत की सांस ली। वहीं किसानों के लिए भी यह बारिश फसलों के लिए फायदेमंद मानी जा रही है।

Ad