कोटद्वार में महिला आयोग अध्यक्ष कुसुम कंडवाल का औचक निरीक्षण
कोटद्वार / पौड़ी गढ़वाल: उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने कोटद्वार पहुंचकर महिला हेल्प डेस्क का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हेल्प डेस्क में चल रही काउंसलिंग प्रक्रिया का गहनता से अवलोकन किया और वहां मौजूद अधिकारियों से कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी ली।निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए स्वयं भी काउंसलिंग प्रक्रिया में प्रतिभाग किया। उन्होंने वहां मौजूद दोनों पक्षों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और आपसी समन्वय के माध्यम से विवादों को सुलझाने का प्रयास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि महिला हेल्प डेस्क का मुख्य उद्देश्य पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाना है। साथ ही परिवारों को टूटने से बचाना भी शासन और प्रशासन की संयुक्त जिम्मेदारी है।
निरीक्षण के क्रम में अध्यक्ष ने हेल्प डेस्क प्रभारी से वर्ष 2025-26 में दर्ज मामलों की जानकारी प्राप्त की। समीक्षा के दौरान बताया गया कि वर्ष 2025-26 में अब तक कुल 540 मामले पंजीकृत किए गए हैं, जिनका सफलतापूर्वक निस्तारण किया जा चुका है। वहीं वर्ष 2026 के शुरुआती दो महीनों जनवरी और फरवरी में अब तक 112 नए मामले दर्ज हुए हैं, जिन पर वर्तमान में सुनवाई और निस्तारण की प्रक्रिया लगातार जारी है।
महिला हेल्प डेस्क के निरीक्षण के बाद अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने कोटद्वार स्थित साइबर सेल का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि महिलाओं से जुड़े ऑनलाइन अपराध, साइबर बुलिंग और सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले उत्पीड़न के मामलों पर प्राथमिकता के आधार पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्कूल और कॉलेजों में बेटियों को सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाए, ताकि वे साइबर अपराधों से बच सकें। इसके साथ ही निजी संस्थानों में कार्यरत महिला कर्मचारियों को कार्यस्थल पर उत्पीड़न से संबंधित शिकायतों के लिए गठित आईसीसी की जानकारी साझा करने के निर्देश भी दिए, जिससे महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो सकें।
इस अवसर पर स्थानीय पुलिस और प्रशासन का पूरा सहयोग रहा। निरीक्षण के दौरान कोटद्वार थाना प्रभारी प्रदीप नेगी, महिला हेल्पलाइन प्रभारी एसआई दीपिका बिष्ट तथा उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष के निजी सचिव आधार वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
