मुख्य सचिव ने डीएम संग की समीक्षा बैठक
देहरादून : उत्तराखंड शासन में प्रशासनिक गतिविधियों को गति देने के उद्देश्य से सचिवालय में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य के विभिन्न विभागों से जुड़े अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई और जमीनी स्तर पर चल रही योजनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली गई।
मुख्य सचिव ने विशेष रूप से प्रदेश में एलपीजी गैस वितरण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए खाद्य आपूर्ति विभाग और तेल कंपनियों के राज्य स्तरीय समन्वयकों को निर्देश दिए कि गैस एजेंसियों और वितरकों पर लगातार निगरानी बनाए रखी जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर उपभोक्ताओं को असुविधा न हो, इसके लिए बैकलॉग को शीघ्र समाप्त किया जाए तथा आवश्यकतानुसार गैस आपूर्ति बढ़ाई जाए। इसके साथ ही आगामी चारधाम यात्रा को देखते हुए कमर्शियल गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए केंद्र सरकार से समन्वय स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में राजस्व विभाग से जुड़े कार्यों पर भी जोर दिया गया। मुख्य सचिव ने खतौनी में अंश निर्धारण (भागबंटवारा) की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि हरिद्वार, नैनीताल सहित मैदानी जनपदों में इस कार्य की प्रगति अपेक्षाकृत धीमी है, जिसे प्राथमिकता के आधार पर तेज किया जाए। उन्होंने जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि अंश निर्धारण के लिए साप्ताहिक लक्ष्य तय किए जाएं और उसकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
डिजिटल क्रॉप सर्वे को लेकर भी मुख्य सचिव ने सभी जिलों को तेजी से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह सर्वे कृषि योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और किसानों तक लाभ पहुंचाने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए इसमें किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए।
बैठक में कुंभ-2027 की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने संबंधित विभागों को आवश्यक शासनादेश (जीओ) शीघ्र जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने नियोजन विभाग को निर्देशित किया कि जिन परियोजनाओं की टीएसी (टेक्निकल एडवाइजरी कमेटी) और ईएफसी (एक्सपेंडिचर फाइनेंस कमेटी) की स्वीकृति लंबित है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किया जाए। साथ ही उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि विभिन्न विभागों के कार्यों में किसी प्रकार की डुप्लीकेसी न हो।
इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रमुख सचिव एल. फेनाई, आर. मीनाक्षी सुंदरम, विशेष प्रमुख सचिव अमित कुमार सिन्हा, सचिव शैलेश बगौली, नितेश कुमार झा, दिलीप जावलकर, सचिन कुर्वे, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, बृजेश कुमार संत, विनोद कुमार सुमन एवं आनन्द स्वरूप के साथ गढ़वाल मंडलायुक्त विनय शंकर पाण्डेय, कुमाऊं मंडलायुक्त दीपक रावत और प्रदेश के सभी जिलाधिकारी मौजूद रहे।
