टिहरी के मदननेगी में खुलेगा केंद्रीय विद्यालय
देहरादून : उत्तराखंड में शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद टिहरी गढ़वाल के मदननेगी में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना को मंजूरी दिए जाने पर केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया है। केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) द्वारा मदननेगी में नए केंद्रीय विद्यालय की स्थापना को स्वीकृति मिल चुकी है, जिससे क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
यह विद्यालय सिविल सेक्टर के अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-27 से शुरू किया जाएगा। प्रारंभिक चरण में यहां कक्षा 1 से 5 तक पढ़ाई होगी, जिसमें प्रत्येक कक्षा में एक-एक सेक्शन संचालित किया जाएगा। भविष्य में आवश्यकता और स्वीकृति के आधार पर कक्षाओं का विस्तार क्रमिक रूप से किया जाएगा।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि केंद्रीय विद्यालय के खुलने से मदननेगी और आसपास के क्षेत्रों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिलेगा। इससे न केवल छात्रों का शैक्षणिक स्तर सुधरेगा, बल्कि स्थानीय शिक्षा ढांचे को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही हैं।
प्रवेश प्रक्रिया सभी आवश्यक औपचारिकताओं के पूरा होने के 30 दिनों के भीतर शुरू कर दी जाएगी, जिससे अभिभावकों और छात्रों को जल्द ही इसका लाभ मिल सके।गौरतलब है कि भारत सरकार द्वारा देशभर में 85 नए केंद्रीय विद्यालय खोलने की योजना के तहत यह निर्णय लिया गया है। टिहरी गढ़वाल का मदननेगी भी उन्हीं चयनित स्थानों में शामिल है, जिससे इस दूरस्थ क्षेत्र को अब राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
