खबर शेयर करें -

ऋषिकेश : चारधाम यात्रा का मुख्य प्रवेश द्वार होने के कारण ऋषिकेश पर व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी स्वाभाविक रूप से अधिक बढ़ जाती है, विशेषकर स्वच्छता के मामले में। आगामी यात्रा सीजन को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ऋषिकेश ने व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। मुख्य नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल के नेतृत्व में नगर निगम की टीम विशेष सफाई अभियान में जुट गई है।

नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तराखंड शासन के निर्देशों के क्रम में एवं चारधाम यात्रा की तैयारियों के तहत नगर निगम क्षेत्र में 7 अप्रैल 2026 से 13 अप्रैल 2026 तक “स्वच्छता सप्ताह” का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान के तहत शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर विशेष सफाई कार्य किए जा रहे हैं।

स्वच्छता सप्ताह के पहले दिन 7 अप्रैल को नगर निगम द्वारा चार सफाई निरीक्षकों के नेतृत्व में चार अलग-अलग टीमें गठित की गईं। इन टीमों ने चंद्रभागा पुल से आईएसबीटी तक, इंद्रमणि बडोनी चौक से मनसा देवी फाटक तक, कोयल घाटी से एम्स रोड तक तथा गौरा देवी चौक, डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक, शहीद स्मारक अमित ग्राम सहित अन्य क्षेत्रों में वृहद सफाई अभियान चलाया।

इस अभियान में नगर निगम के साथ-साथ त्रिवेणी सेना, विभिन्न सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। सभी ने मिलकर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए शहर को साफ-सुथरा बनाने में योगदान दिया।

नगर आयुक्त बिनवाल स्वयं अभियान के दौरान विभिन्न क्षेत्रों का नियमित निरीक्षण करते रहे और सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि 13 अप्रैल तक चलने वाले इस विशेष अभियान के लिए नगर निगम द्वारा विस्तृत रोस्टर तैयार किया गया है, जिसके तहत नालों, पार्कों, मंदिरों, घाटों के साथ-साथ रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, ऑटो और टैक्सी स्टैंड तथा सार्वजनिक शौचालयों की विशेष सफाई सुनिश्चित की जाएगी।

अभियान के पहले ही दिन करीब 2 टन ठोस अपशिष्ट एकत्रित कर उसे निस्तारण प्लांट भेजा गया, जो नगर निगम की सक्रियता और अभियान की गंभीरता को दर्शाता है।चारधाम यात्रा से पहले इस तरह के व्यापक स्वच्छता अभियान से न केवल शहर की सुंदरता में इजाफा होगा, बल्कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को भी बेहतर और स्वच्छ वातावरण मिल सकेगा।

Ad