खबर शेयर करें -

देहरादून : विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर देहरादून के दून विहार, जाखन स्थित संजय ऑर्थोपीडिक, स्पाइन एवं मैटरनिटी सेंटर एवं सेवा सोसाइटी द्वारा “स्वस्थ भारत विकसित भारत” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि स्वस्थ जीवन ही समृद्ध समाज और सशक्त राष्ट्र की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि जब नागरिक स्वस्थ होते हैं, तभी विकास की गति तेज होती है और राष्ट्र निर्माण को मजबूती मिलती है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत 2047” के विज़न का उल्लेख करते हुए कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए देशभर में Fit India Movement जैसे अभियान चलाए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य लोगों को स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने ‘मन की बात’ कार्यक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने लोगों से दैनिक जीवन में शुगर की मात्रा कम करने, तैलीय खाद्य पदार्थों से बचने और नियमित योग एवं व्यायाम अपनाने की अपील की है।

उनियाल ने कहा कि उत्तराखंड सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने और आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने लोगों से संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या और योग-व्यायाम को अपनाने का आग्रह करते हुए कहा कि स्वस्थ उत्तराखंड ही स्वस्थ भारत के निर्माण का आधार बनेगा।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल सहित कई गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की गई और लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

Ad