सुल्तानपुर में औषधि विक्रेता संघ के नए जिला कार्यालय का उद्घाटन
सुल्तानपुर : उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में औषधि विक्रेता संघ के सुपर मार्केट स्थित नवस्थापित जिला कार्यालय का भव्य उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल ने वशिष्ठ अतिथि ड्रग इंस्पेक्टर राजू प्रसाद और रूपेश सिंह की उपस्थिति में फीता काटकर कार्यालय का शुभारंभ किया।
उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता करते हुए औषधि विक्रेता संघ के अध्यक्ष सतीश सिंह ने कहा कि यह कार्यालय केवल एक भवन नहीं, बल्कि दवा व्यापारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान और उनके हितों की रक्षा के लिए एक सशक्त केंद्र के रूप में कार्य करेगा। उन्होंने सभी व्यापारियों से संगठन को मजबूत बनाने के लिए एकजुट रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन राजवीर श्रीवास्तव ने किया। इस दौरान संघ के सचिव प्रमोद मिश्रा और कोषाध्यक्ष अंजनी जायसवाल ने सुल्तानपुर इकाई को बधाई देते हुए जिले के सभी दवा व्यापारियों से एकजुटता बनाए रखने की अपील की।
समारोह में जिले भर से बड़ी संख्या में दवा व्यापारियों ने भाग लिया और संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया। मीडिया प्रभारी दीपक जायसवाल ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नया कार्यालय अब व्यापारियों के लिए सुलभ होगा और यहीं से उनके हितों की लड़ाई को और प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जाएगा।
कार्यक्रम में मो. ताजिम, संतोष सिंह, रमेश मिश्रा, विजय प्रकाश, अरुण बंसल, सुशील जायसवाल, इंतखाब अहमद, अतुल कसौधन, नोज बरनवाल, संजय गुप्ता, कपिल गुप्ता सहित सैकड़ों दवा व्यापारी मौजूद रहे।
