खबर शेयर करें -

ऋषिकेश : मणिकूट पर्वत के निकट स्थित मां त्रिपुरा सुंदरी शिव शक्ति धाम आश्रम में आयोजित एक धार्मिक सभा के दौरान पीठाधीश्वर श्री 1008 हरिओम महाराज ने आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर महत्वपूर्ण बयान दिया। साधु-संतों की उपस्थिति में उन्होंने राष्ट्रहित को सर्वोपरि बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की और पश्चिम बंगाल, केरल व ओडिशा के मतदाताओं से मोदी समर्थित पार्टी के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

अपने संबोधन की शुरुआत में महाराज ने स्पष्ट किया कि वे किसी भी राजनीतिक दल से प्रत्यक्ष रूप से जुड़े नहीं हैं, लेकिन जब बात राष्ट्र और समाज के हित की होती है तो एक संत का मौन रहना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि संत समाज का दायित्व केवल आध्यात्मिक मार्गदर्शन तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के कल्याण और राष्ट्र निर्माण में भी उनकी भूमिका अहम होती है।

हरिओम महाराज ने अपने हालिया असम दौरे का उल्लेख करते हुए वहां हुए विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में असम में सड़कों, आधारभूत संरचनाओं और धार्मिक स्थलों का उल्लेखनीय विकास हुआ है। साथ ही त्रिपुरा, मेघालय और मिजोरम का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश को एक सशक्त दिशा मिली है।

बंगाल की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए महाराज ने कहा कि वहां हिंदू समाज के साथ दुर्व्यवहार और धार्मिक स्थलों की उपेक्षा के मामले सामने आ रहे हैं, जो गंभीर विषय है। वहीं केरल को लेकर उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा के बावजूद राज्य की जनता पुरानी सरकारों की नीतियों के कारण भ्रमित हो रही है और अपेक्षित विकास नहीं हो पा रहा है।

सभा के अंत में उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि यदि वे अपने और देश के समग्र विकास की कामना करते हैं, तो उन्हें मजबूत नेतृत्व को चुनना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार असम विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है, उसी तरह बंगाल और केरल में भी बदलाव की आवश्यकता है, ताकि वहां के धार्मिक स्थल पुनः जागृत हों और आम जनता को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।इस अवसर पर आश्रम में बड़ी संख्या में साधु-संत और श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिन्होंने महाराज के विचारों को गंभीरता से सुना।

Ad