देहरादून में पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक, 8वें वेतन आयोग पर सुझावों को लेकर मंथन

खबर शेयर करें -

देहरादून: उत्तराखंड केंद्रीय पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन की कार्यकारिणी की एक महत्वपूर्ण बैठक उत्तरांचल प्रेस क्लब के निकट उज्ज्वल रेस्टोरेंट में संगठन के उपाध्यक्ष हरनिंदर सिंह काला की अध्यक्षता में आयोजित की गई।

बैठक की शुरुआत महासचिव रविंद्र दत्त सेमवाल द्वारा पिछली कार्यवाही प्रस्तुत करने के साथ हुई। इस दौरान 8वें वेतन आयोग के संदर्भ में विस्तार से चर्चा की गई। बताया गया कि 24 अप्रैल 2026 को भारत सरकार द्वारा गठित वेतन आयोग के अधिकारी के देहरादून आगमन पर संगठन द्वारा अपने सुझाव प्रस्तुत करने हेतु समय की मांग की गई है, जिस पर सभी सदस्यों ने सहमति जताई।

संगठन के संरक्षक तिलक राज शर्मा ने जानकारी देते हुए कहा कि सभी सदस्य 12 अप्रैल तक अपने सुझाव भेज दें, ताकि 15 अप्रैल तक ड्राफ्ट तैयार कर आयोग को भेजा जा सके। इसके बाद 24 अप्रैल को आयोग के समक्ष संगठन की ओर से सुझाव प्रस्तुत किए जाएंगे।बैठक में संगठन को और अधिक सक्रिय बनाने के उद्देश्य से कई सदस्यों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं। साथ ही बायलॉज संशोधन समिति, लोक कल्याण कार्यक्रम समिति, प्रचार एवं जनसंपर्क समिति, आर्थिक समिति और सदस्यता अभियान समिति सहित विभिन्न समितियों का गठन किया गया।

बैठक में संगठन के कई पदाधिकारी और वरिष्ठ सदस्य मौजूद रहे और सभी ने संगठन को मजबूत बनाने तथा पेंशनर्स के हितों के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

Ad