CM धामी ने PM मोदी और केंद्र सरकार का जताया आभार
देहरादून : उत्तराखंड राज्य को पूंजीगत निवेश हेतु विशेष सहायता योजना (Special Assistance to States for Capital Investment – SASCI) के भाग-IX “वित्तीय प्रबंधन में दक्षता के लिए राज्यों को प्रोत्साहन” के अंतर्गत 350 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि स्वीकृत की गई है। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं भारत सरकार का आभार व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह स्वीकृति राज्य सरकार द्वारा अपनाए गए सुदृढ़ वित्तीय प्रबंधन, पारदर्शिता और राजकोषीय अनुशासन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ने बीते वर्षों में कर संग्रह बढ़ाने, अनावश्यक व्यय पर नियंत्रण रखने, डिजिटल भुगतान प्रणाली को सशक्त करने तथा बजटीय प्रबंधन में सुधार जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। यही कारण है कि केंद्र सरकार ने राज्य के प्रयासों को मान्यता देते हुए यह प्रोत्साहन राशि प्रदान की है।मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार वित्तीय सुधारों को लेकर गंभीर और प्रतिबद्ध है। वित्तीय पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न विभागों में ई-गवर्नेंस प्रणाली को मजबूत किया गया है। साथ ही, राजस्व बढ़ाने और संसाधनों के कुशल उपयोग के लिए नवाचार आधारित नीतियां लागू की गई हैं। इन प्रयासों का सकारात्मक परिणाम अब सामने आ रहा है।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि इससे पूर्व उत्तराखंड को खनन क्षेत्र में पारदर्शी नीतियां लागू करने, ई-टेंडरिंग और ऑनलाइन मॉनिटरिंग प्रणाली को प्रभावी बनाने तथा परिवहन विभाग में सुधारात्मक कदम उठाने के लिए भी केंद्र सरकार से प्रोत्साहन राशि प्राप्त हो चुकी है। यह दर्शाता है कि राज्य सुधार आधारित शासन मॉडल को अपनाकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी सशक्त पहचान बना रहा है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड सुशासन, पारदर्शिता और समावेशी विकास के नए मानक स्थापित कर रहा है। केंद्र सरकार द्वारा समय-समय पर प्रदान किया गया यह प्रोत्साहन राज्य के लिए प्रेरणास्रोत है और इससे विभिन्न विकास परियोजनाओं को नई गति मिलेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस अतिरिक्त वित्तीय सहयोग से आधारभूत ढांचे, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य प्रमुख क्षेत्रों में चल रही योजनाओं को और मजबूती मिलेगी।
अंत में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री एवं भारत सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार ‘विकास भी, विरासत भी’ के संकल्प के साथ उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में स्थापित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि वित्तीय अनुशासन और पारदर्शिता को प्राथमिकता देते हुए राज्य समग्र और संतुलित विकास की दिशा में आगे बढ़ता रहेगा।
