खटीमा दौरे पर सीएम धामी, जनसमस्याएं सुनीं
उधम सिंह नगर/ खटीमा : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने खटीमा भ्रमण के दूसरे दिन रविवार को क्षेत्रवासियों से सीधा संवाद स्थापित करते हुए जनसमस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने लोहियाहेड स्थित कैंप कार्यालय एवं हेलीपेड पर जनप्रतिनिधियों तथा आम जनता से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी समाधान के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करना सरकार की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समयबद्ध रूप से पहुंचे।
इसके उपरांत मुख्यमंत्री ग्राम भगचुरी पहुंचे, जहां उन्होंने स्वर्गीय मलकीत सिंह राणा के निधन तथा वीरेंद्र मौर्य की माता स्वर्गीय सुन्दरी देवी (92 वर्ष) के निधन पर उनके आवास पर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति एवं परिजनों को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की कामना की।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका खटीमा के अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, फरजाना बेगम सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। साथ ही जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, जिलाधिकारी चम्पावत मनीष कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी कौस्तूभ मिश्रा, पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर, उप जिलाधिकारी तुषार सैनी सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री के इस दौरे से क्षेत्रवासियों में सरकार के प्रति विश्वास और संवाद की भावना और अधिक मजबूत हुई है।
