देहरादून : दून लाइब्रेरी में सीएम धामी ने सुना मन की बात का 130वां एपिसोड
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को दून लाइब्रेरी, परेड ग्राउंड के निकट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम का 130वां एपिसोड सुना। इस अवसर पर उन्होंने राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शुभकामनाएं दीं और कहा कि मन की बात का हर एपिसोड समाज के लिए प्रेरणास्रोत होता है, जो निस्वार्थ सेवा करने वाले लोगों को देश-दुनिया के सामने लाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात को जन-जन का कार्यक्रम बनाया है, जिससे समाज में सकारात्मक बदलाव की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में हो रहे नवाचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि इनोवेशन, साइंस, टेक्नोलॉजी और एआई के क्षेत्र में भारत तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। आने वाले समय में एआई की भूमिका और भी महत्वपूर्ण होगी, जिससे कार्यों की गति और दक्षता बढ़ेगी। राज्य में एआई के उपयोग को लेकर साइंस, आईटी और टेक्नोलॉजी से जुड़े विभाग सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा से राज्य सरकार ने कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। 27 जनवरी को समान नागरिक संहिता (UCC) लागू होने के एक वर्ष पूरे हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि 2022 विधानसभा चुनाव से पहले किया गया वादा पूरा किया गया है। सीमावर्ती राज्य होने, चारधाम और गंगा-यमुना के उद्गम स्थल होने के कारण सुरक्षा और समान कानून की आवश्यकता थी, जिसे राज्य ने लागू कर दिखाया है।
मुख्यमंत्री ने सभी से केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और निर्णयों को जन-जन तक पहुंचाने का आग्रह किया, ताकि अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सकें। इस अवसर पर विधायक खजान दास, विधायक सुरेश गढ़िया, मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रो. गोविंद बिष्ट, अनिल गोयल, संजय नेगी, दायित्वधारी रजनी रावत सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
