देहरादून में CM धामी ने सुना ‘मन की बात’ का 132वां एपिसोड
देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 132वें एपिसोड को जनप्रतिनिधियों के साथ सुना। इस अवसर पर उन्होंने कार्यक्रम को जनसंवाद का एक सशक्त और अद्वितीय माध्यम बताया, जो देश के कोने-कोने में हो रहे सकारात्मक कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का कार्य करता है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने वाला एक प्रेरणादायी मंच बन चुका है। इसके माध्यम से दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को पहचान मिलती है, जिससे अन्य लोग भी प्रेरित होते हैं। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” की भावना को और मजबूत करता है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों से भी कार्यक्रम में उठाए गए विषयों पर अपने विचार साझा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे संवाद कार्यक्रमों से न केवल जनभागीदारी बढ़ती है, बल्कि शासन और जनता के बीच विश्वास भी मजबूत होता है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उत्तराखंड सरकार प्रधानमंत्री के विजन को आगे बढ़ाते हुए राज्य में विकास कार्यों को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं और आमजन को भी ऐसे प्रेरणादायक प्रयासों से जोड़ें। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ जैसे प्रयास समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और देश को प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
