नैनीताल दौरे पर सीएम धामी, शीतकालीन यात्रा और नववर्ष तैयारियों की समीक्षा
नैनीताल: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने नैनीताल दौरे के दौरान पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ शीतकालीन यात्रा और नववर्ष पर आने वाले पर्यटकों की सुविधा एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पर्यटन सीजन के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो और पर्यटकों को सुगम, सुरक्षित व बेहतर अनुभव मिले।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि नैनीताल जैसे प्रमुख पर्यटन स्थल पर पार्किंग व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि शहर में प्रवेश करने वाले वाहनों की संख्या पर निगरानी रखी जाए, वैकल्पिक पार्किंग स्थलों का प्रभावी उपयोग हो और शटल सेवाओं को सक्रिय रखा जाए, ताकि जाम की समस्या से पर्यटकों और स्थानीय लोगों को राहत मिल सके।

समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री को बताया गया कि शीतकालीन यात्रा और नए साल के मद्देनजर पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती, ट्रैफिक प्लान, सीसीटीवी निगरानी और आपातकालीन सेवाओं को मजबूत किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटकों की सुरक्षा के साथ-साथ स्थानीय निवासियों की दैनिक जरूरतों का भी पूरा ध्यान रखा जाए।
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नैनीताल क्लब परिसर में मॉर्निंग वॉक की। इस दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से मुलाकात कर सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर सीधा फीडबैक लिया। स्थानीय लोगों ने विकास कार्यों, पर्यटन प्रबंधन और बुनियादी सुविधाओं को लेकर अपने सुझाव मुख्यमंत्री के समक्ष रखे।
मुख्यमंत्री ने नागरिकों को आश्वस्त किया कि सरकार पर्यटन और स्थानीय हितों के संतुलन के साथ विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि नैनीताल की प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक पहचान को बनाए रखते हुए सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा, ताकि पर्यटन से स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिले।
मुख्यमंत्री के इस दौरे से प्रशासनिक अमले में सक्रियता बढ़ी है और नए साल के दौरान नैनीताल आने वाले पर्यटकों के लिए बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
