खबर शेयर करें -

रुद्रप्रयाग / उत्तराखंड : जिले के ऊखीमठ नगर पंचायत क्षेत्र में भालू के हमले से क्षेत्र में दहशत फैल गई। ओंकारेश्वर वार्ड में घास लेने जंगल की ओर गई एक महिला पर अचानक भालू ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना उस समय हुई जब महिला अन्य महिलाओं और बच्चों के साथ आसपास के क्षेत्र में घास एकत्र कर रही थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक हुए हमले में महिला ने जोर-जोर से चीखना शुरू कर दिया। महिला की आवाज सुनकर मौके पर मौजूद बच्चों और अन्य महिलाओं ने शोर मचाया, जिसके बाद भालू मौके से जंगल की ओर भाग गया। शोरगुल के चलते एक बड़ा हादसा टल गया, हालांकि महिला को भालू के हमले में गंभीर चोटें आई हैं।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल महिला को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार महिला की हालत स्थिर बताई जा रही है, लेकिन उसे निगरानी में रखा गया है।

उधर, घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है। विभाग द्वारा क्षेत्र का निरीक्षण किया जा रहा है और भालू की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। वन विभाग ने स्थानीय ग्रामीणों से जंगल की ओर अकेले न जाने और विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

लगातार हो रही वन्यजीवों की आवाजाही से ग्रामीणों में डर का माहौल है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Ad