सीएम धामी ने की विशेष पूजा-अर्चना
उत्तराखंड : उत्तराखंड के पवित्र केदारनाथ धाम में आज आस्था, श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब भगवान बाबा केदारनाथ के कपाट विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। कपाट खुलने के इस ऐतिहासिक और पावन अवसर पर पूरा केदारपुरी क्षेत्र “हर हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा और वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
कपाटोद्घाटन समारोह में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने मंदिर में विधिपूर्वक पूजा-अर्चना की और बाबा केदारनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने संकल्प लेकर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से प्रथम पूजा अर्पित की। उन्होंने भगवान भोलेनाथ से प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और कल्याण की कामना की।
कपाट खुलने के इस शुभ अवसर के साक्षी बनने के लिए देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंचे। जैसे ही मंदिर के द्वार खुले, श्रद्धालुओं में उत्साह की लहर दौड़ गई। भक्तों के चेहरों पर आस्था और उल्लास साफ झलक रहा था, वहीं पूरे क्षेत्र में भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्वितीय माहौल देखने को मिला। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस अवसर पर कहा कि केदारनाथ धाम सहित चारों धाम उत्तराखंड की आध्यात्मिक पहचान हैं और राज्य सरकार तीर्थयात्रियों को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा का अनुभव प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि यात्रा व्यवस्थाओं की वह स्वयं नियमित समीक्षा कर रहे हैं, ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा मार्गों की स्थिति, स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल व्यवस्था, स्वच्छता और सुरक्षा के सभी इंतजाम उच्च स्तर के बनाए रखें। साथ ही, श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
इस पावन अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बाबा केदारनाथ का आशीर्वाद सभी पर बना रहे और उत्तराखंड निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ता रहे।
