खबर शेयर करें -

ऋषिकेश : नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 34, मालवीय नगर में लंबे समय से चली आ रही सड़क और नाली की समस्या के समाधान की दिशा में अब ठोस पहल शुरू हो गई है। हरिद्वार रोड पर मनसा देवी मंदिर से आगे दुर्गा मंदिर के पास स्थित इस इलाके में विकास कार्यों का विधिवत शुभारंभ किया गया।

भारतीय जनता पार्टी के पार्षद राजेश कोठियाल के क्षेत्र में शुरू हुए इस निर्माण कार्य का उद्घाटन महापौर शंभू पासवान ने किया। करीब 22 लाख रुपये की लागत से होने वाले इस प्रोजेक्ट में सड़क निर्माण और नाली व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा, जिससे क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार की उम्मीद है।

महापौर शंभू पासवान ने इस अवसर पर कहा कि नगर निगम ऋषिकेश शहर के हर वार्ड के समग्र विकास के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि वार्ड नंबर 34 में सड़क और नाली की मांग काफी समय से की जा रही थी, जिसे अब प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है। उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि ऐसा कार्य किया जाएगा जिससे लोगों को लंबे समय तक लाभ मिल सके।

उन्होंने आगे कहा कि इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद क्षेत्रवासियों को जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी और आवागमन भी सुगम होगा। खासकर बरसात के मौसम में होने वाली दिक्कतों से लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम के दौरान पार्षद राजेश कोठियाल ने महापौर का स्वागत करते हुए क्षेत्र की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वार्ड के विकास के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं और जनता की हर समस्या का समाधान करना उनका मुख्य उद्देश्य है।

इस मौके पर क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक और स्थानीय निवासी मौजूद रहे। सभी ने वार्ड में शुरू हुए विकास कार्यों पर खुशी जताई और उम्मीद जताई कि आने वाले समय में क्षेत्र की तस्वीर और बेहतर होगी।

Ad