आदि कैलाश-ओम पर्वत यात्रा 2026 की तैयारियां तेज
पिथौरागढ़ : पिथौरागढ़ में आगामी आदि कैलाश एवं ओम पर्वत यात्रा-2026 को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए संबंधित विभागों को सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए।
बैठक में बढ़ती श्रद्धालु संख्या को ध्यान में रखते हुए इनर लाइन परमिट (ILP) व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने पर विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने बताया कि वर्ष 2026 के लिए ऑनलाइन परमिट प्रक्रिया 28 अप्रैल से शुरू होगी, जिसके माध्यम से श्रद्धालु पोर्टल पर आवेदन कर सकेंगे। परमिट जारी करने की जिम्मेदारी उपजिलाधिकारी, धारचूला कार्यालय की होगी। इस बीच, जोलिंगकोंग स्थित प्रमुख शिव मंदिर के कपाट 01 मई 2026 को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे, जिसके साथ ही यात्रा का विधिवत शुभारंभ होगा।
जिलाधिकारी ने यात्रा मार्ग पर पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, सड़क, दूरसंचार, खाद्यान्न, शौचालय, सुरक्षा और स्वच्छता की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह को निर्देशित किया कि उनकी अध्यक्षता में एक टीम गठित कर गुंजी क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कराया जाए, ताकि यात्रा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाओं का आकलन कर कमियों को दूर किया जा सके।
स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पिथौरागढ़, धारचूला और मुख्यालय में प्रतिदिन स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही यात्रा मार्ग पर छोटे-छोटे मेडिकल कैंप स्थापित करने, प्रमुख स्थानों पर ALS एंबुलेंस तैनात करने और ITBP से प्रत्येक चेकपोस्ट पर मेडिकल स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी को निर्देश दिए गए कि इनर लाइन परमिट की दैनिक मॉनिटरिंग की जाए और इस वर्ष आने वाले श्रद्धालुओं व पर्यटकों का समुचित रिकॉर्ड रखा जाए, ताकि भविष्य में बेहतर योजना बनाई जा सके।
बैठक में धारचूला से गुंजी और गुंजी से आदि कैलाश व कालापानी मार्ग की स्थिति का जायजा लिया गया। BRO को निर्देश दिए गए कि यात्रा शुरू होने से पहले सभी सड़क मार्गों की कमियां दूर कर ली जाएं। जिलाधिकारी ने टैक्सी, होमस्टे, पार्किंग, पेयजल, बिजली, शौचालय और साफ-सफाई की व्यवस्थाओं को व्यवस्थित और नियंत्रित करने के निर्देश दिए। सप्लाई विभाग को डीजल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने और पेट्रोल पंपों पर शौचालय व पेयजल की व्यवस्था अनिवार्य रूप से बनाए रखने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और यादगार बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।बैठक में पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे, मुख्य उपचिकित्सा अधिकारी प्रशांत कौशिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
