देहरादून : खाराखेत में पृथ्वी दिवस पर गूंजा पर्यावरण संदेश, नमक आंदोलन की 96वीं वर्षगांठ पर रैली व वृक्षारोपण

खबर शेयर करें -

देहरादून, 22 अप्रैल 2026। विश्व पृथ्वी दिवस एवं नमक तोड़ो आंदोलन की 96वीं वर्षगांठ के अवसर पर विभिन्न सामाजिक संस्थाओं द्वारा खाराखेत स्मारक स्थल पर संयुक्त रूप से पौधारोपण, पर्यावरण जागरूकता रैली एवं संवाद गोष्ठी का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मैती अभियान, संयुक्त नागरिक संगठन, उत्तराखंड केंद्रीय पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन, शैल कला एवं ग्रामीण विकास समिति, गति संस्था, पहाड़ी पैडलर्स, महावीर सेवा समिति-प्रेमनगर, सनातन धर्म मंदिर-प्रेमनगर, सीनियर सिटीजन सोसाइटी-प्रेमनगर एवं सिटीजन फॉर क्लीन एंड ग्रीन एवियंस प्रेमनगर सहित अनेक संस्थाओं ने भागीदारी की।दून से खाराखेत स्मारक तक आयोजित “पर्यावरण बचाओ रैली” में जनसहभागिता देखने को मिली।

कार्यक्रम में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया तथा स्थानीय लोगों को प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।इस अवसर पर 90 वर्षीय लैफ्टिनेंट कर्नल बी.एम. थापा, पद्मश्री कल्याण सिंह रावत, डॉ. स्वामी एस. चंद्रा, रविंद्र दत्त सेमवाल, राजेंद्र प्रसाद शास्त्री, नीरज उनियाल, अर्जुन कोहली, सुशील त्यागी एवं अवधेश शर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

देहरादून का ‘दांडी’ है खाराखेत

प्रेमनगर के निकट स्थित खाराखेत ऐतिहासिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण स्थल है। 20 अप्रैल 1930 को स्वतंत्रता सेनानियों ने यहां नून नदी के खारे पानी से नमक बनाकर अंग्रेजों के नमक कानून का विरोध किया था। पंडित नरदेव शास्त्री, महावीर त्यागी और पंडित नारायण दत्त डंगवाल के नेतृत्व में सैकड़ों सत्याग्रहियों ने इस आंदोलन में भाग लिया था। खड्ग बहादुर द्वारा तैयार नमक को देहरादून टाउन हॉल में बेचकर आंदोलन को प्रतीकात्मक रूप दिया गया, जिसके कारण यह स्थान “देहरादून का दांडी” कहलाया।

पद्मश्री कल्याण सिंह रावत ने खाराखेत को राष्ट्रीय स्तर की ऐतिहासिक धरोहर बताते हुए इसके संरक्षण एवं पहचान को पुनर्स्थापित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। वहीं डॉ. स्वामी एस. चंद्रा ने इसे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के साथ-साथ स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।

कार्यक्रम का संचालन सुशील त्यागी द्वारा किया गया। आयोजन के अंत में सभी प्रतिभागियों ने खाराखेत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

Ad