राज्य में पहली बार सीएम एकल महिला स्वरोजगार योजना शुरू, 504 महिलाओं की सूची अंतिम
देहरादून: राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाने जा रही है। पहली बार मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना शुरू की जा रही है, जिसके तहत पात्र एकल महिलाओं को स्वरोजगार के लिए आर्थिक सहायता दी जाएगी। योजना के अंतर्गत अब तक 504 पात्र महिलाओं की अंतिम सूची तैयार कर ली गई है, जबकि 331 अन्य महिलाओं की सूची को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया जारी है। सरकार नए साल में, अगले महीने से योजना का लाभ देना शुरू करेगी।महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने सचिवालय में आयोजित विभागीय बैठक के दौरान बताया कि यह योजना महिलाओं को स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना का क्रियान्वयन तय समय पर सुनिश्चित किया जाए।
नंदा गौरा योजना की भी हुई समीक्षा
बैठक में नंदा गौरा योजना की भी समीक्षा की गई। मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि योजना के तहत अब तक 11 जिलों की लाभार्थियों की अंतिम सूची तैयार कर ली गई है। इनमें 34,852 इंटरमीडिएट उत्तीर्ण छात्राएं और 6,021 नवजात बालिकाएं शामिल हैं।
इन सभी लाभार्थियों को धनराशि वितरित करने के लिए फरवरी के प्रथम सप्ताह में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मंत्री ने शेष दो जिलों की लाभार्थी सूची भी शीघ्र अंतिम रूप देने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

प्रदेश की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए भी सरकार ने राहत भरा निर्णय लिया है। मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि एक अप्रैल से सेवानिवृत्त होने पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को एक लाख रुपये की धनराशि दी जाएगी। साथ ही अगले वित्तीय वर्ष से इस राशि को और बढ़ाने की भी तैयारी की जा रही है।
प्रदेश सरकार वृद्ध महिलाओं के लिए भी एक नई योजना लाने जा रही है। मंत्री के अनुसार, इस योजना का उद्देश्य वृद्ध महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक, स्वास्थ्य और भावनात्मक संबल प्रदान करना है। योजना के स्वरूप को तय करने के लिए अधिकारी गांव-गांव जाकर वृद्ध महिलाओं का सर्वे करेंगे। जरूरतमंद महिलाओं के सुझावों के आधार पर ही योजना को अंतिम रूप दिया जाएगा। मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना के तहत पात्र महिलाओं को दो लाख रुपये की परियोजना पर 75 प्रतिशत तक की सब्सिडी दी जाएगी, जिससे वे अपना स्वरोजगार शुरू कर सकेंगी। बैठक में विभागीय सचिव चंद्रेश कुमार, निदेशक बंसीलाल राणा, उपनिदेशक विक्रम सिंह, मोहित चौधरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
